धमतरी में करंट लगने से महिला की मौत, घर के पास से गुजर रही तार, आंगन में कपड़े सुखाते के दौरान दर्दनाक हादसा, गांव और परिवार में शोक की लहर

Spread the love

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अधारी नवागांव में सोमवार को करंट लगने से 33 वर्षीय महिला की मौत हो गई. इस हादसे के बाद पुरे गांव में शोक की लहर है. इस हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम अधारी नवागांव की रहने वाली मृतका संगीता साहू बारिश रुकने के बाद घर के आंगन में कपड़े सुखाने गई थीं. जिस जगह पर कपड़े सुखाने की रस्सी बंधी थी. उसके पास से बिजली का तार गुजर रहा था. बताया जा रहा है कि गीले कपड़े डालने के दौरान उनका संपर्क बिजली के प्रवाहित तार से हो गया. जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वे वहीं गिर पड़ीं.
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
हादसे के वक़्त मौजूद परिजनों ने फौरन उन्हें करंट के असर से अलग किया और नाजुक हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में चिकित्सकों ने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलने पर पुलिस ने जरुरी कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है. पुलिस जांच के बाद ही हादसे के वजह की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.
विशेषज्ञ भी सलाह
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. बारिश के मौसम में गीले कपड़ों, खुले बिजली के तारों और विद्युत उपकरणों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की जरुरत होती है. विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि खुले या क्षतिग्रस्त बिजली तार दिखाई देने पर फौरन विद्युत विभाग को खबर दें और ऐसी जगहों से दूरी बनाए रखें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके.

Author