रायपुर में रेपिडो चालक बिना किराया लिए महिला का बैग लेकर फरार, दो मोबाइल समेत 35 हजार का सामान पार, घर के बाहर वारदात, आरोपी नरेन्द्र गिरफ्तार

Spread the love

रायपुर : राजधानी रायपुर में रेपिडो चालक द्वारा महिला का बैग लेकर फरार होने का मामला सामने आया है. बैग में दो मोबाइल फोन रखे हुए थे. जिनकी कुल कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई जा रही है. यह वारदात पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से महिला के चोरी हुए दो मोबाइल फोन के साथ एक अन्य मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन जब्त किया है. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक भीमनगर स्थित श्रीजन विला में रहने वाली पीड़िता सत्य सरोज ने बताया कि वह रविवार शाम करीब 4:15 बजे सिंचाई कॉलोनी, सिविल लाइन से रेपिडो एप के जरिए बाइक बुक कर अपने घर लौट रही थीं.
कुछ देर बाद एक नीले रंग की स्कूटी पर चालक पहुंचा. जिसने नीले रंग का रेनकोट पहन रखा था. महिला पहले शास्त्री चौक और फिर आमापारा चौक पहुंचीं. यहां उन्होंने फल खरीदे और उन्हें एक बैग में रख लिया. बैग भारी होने की वजह से उन्होंने उसे रेपिडो चालक के पैरों के पास रख दिया. इसी बैग में उनके दो मोबाइल फोन भी थे. इसके बाद दोनों वंदना ऑटो होते हुए भीमनगर पहुंचे.
महिला जैसे ही स्कूटी से उतरकर अपना सामान निकालने लगीं. चालक बिना किराया लिए ही तेज रफ्तार से वहां से निकल गया. महिला ने उसे आवाज लगाकर रोकने की कोशिश की. लेकिन वह नहीं रुका. रास्ते में जाम लगने की वजह से आरोपी कुछ देर के लिए फिर दिखाई दिया. लेकिन महिला को देखकर वह दूसरी गली की तरफ भाग गया. महिला ने किसी दुसरे व्यक्ति के मोबाइल से अपने बेटे को घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 411/26 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) में मामला दर्ज किया. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आरोपी के आने-जाने वाले संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. पुलिस ने रैपिडो एप के जरिए बुक किए गए वाहन और चालक से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी जुटाई. तकनीकी सबूतों, वाहन की पहचान और सीसीटीवी फुटेज का मुआयना करने के बाद पुलिस को चालक के बारे में अहम जानकारी मिली. इसके आधार पर आरोपी की पहचान नरेन्द्र सिंह के रूप में की गई.
पुलिस टीम ने नरेन्द्र सिंह की तलाश कर उसे पकड़ लिया. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता कबूल की. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के कब्जे से महिला के दोनों मोबाइल फोन बरामद किए गए. इसके अलावा घटना में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेन्द्र सिंह पिता दिनेश सिंह उम्र 25 साल मूल निवास रामसागरपारा, थाना सीएसईबी, जिला कोरबा बताया गया है. जबकि वर्तमान में वह श्रीनगर, गुढ़ियारी, रायपुर में रह रहा था. पुलिसने  कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया. मामले में आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Author