गरियाबंद : गरियाबंद जिले के मोहतरा डेम में आज 22 अगस्त को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में पतासाजी शुरू कर दी है. पतासाजी के दौरान ग्राम खरखरा निवासी अहमद कुमार पिता सुकुल राम कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष ने शव की पहचान अपनी चाची के रूप में की. मृतका की पहचान शांति बाई पति स्व घुरवा कुमार उम्र करीब 40 से 45 साल निवासी ग्राम खरखरा, थाना पांडुका के रूप में हुई है.
15 अगस्त से घर से थी लापता
मिली जानकारी के मुताबिक शांति बाई 15 अगस्त 2026 से घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं. इसके बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे. करीब एक हफ्ते बाद मोहतरा डेम में उनका शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने घटना की जानकारी दी है. पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने सहित मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल महिला की मौत किन हालात में हुई, यह साफ नहीं हो सका है. मौत की असल वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
2026-08-22











