हमर क्लीनिक की स्टाफ नर्स ने की आत्महत्या, किराए के कमरे में फंदे से लटकता मिला शव, शादी के एक साल बाद खुदकुशी, मचा हडकंप, नहीं मिला सुसाइड नोट

Spread the love

दुर्ग : भिलाई में हमर क्लीनिक में पदस्थ स्टाफ नर्स ने अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. वह पिछले करीब पांच साल से हमर क्लीनिक में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थी. करीब एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी. मृतका की पहचान अहिवारा निवासी नेहा महिलांग के रूप में हुई है. घटना जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर की है.
मिली जानकारी के मुताबिक नेहा घासीदास नगर, जामुल में किराए के कमरे में रहती थी. इसी कमरे में उसका शव मिला. घटना की खबर मिलने पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है. फिलहाल खुदकुशी की वजह का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट
घटना की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नेहा किन हालात से गुजर रही थी और घटना से पहले क्या हुआ था. पुलिस उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और बातचीत के साथ-साथ आसपास के हालात की भी जांच कर सकती है. इसके अलावा हमर क्लीनिक में उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है.
पांच साल से स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी थी नेहा
नेहा पिछले करीब पांच साल से हमर क्लीनिक में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थी. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

Author