गरियाबंद के उफनते नाले में फंसे 2 महिला-2 पुरुष, रात 2:45 बजे पुलिस और SDRF ने चलाया साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन, चारों को बाहर निकाला सुरक्षित

Spread the love

गरियाबंद : गरियाबंद जिला में देवभोग थाना क्षेत्र के टिकरापारा नाला में अचानक बाढ़ आने से चार लोग फंस गए. देर रात बाढ़ के बीच फंसे लोगों की खबर मिलते ही डायल-112 और देवभोग थाना पुलिस ने बिना देर किए मोर्चा संभाला. हालात नाजुक होने पर गरियाबंद SDRF की टीम को भी फौरन मौके पर बुलाया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक टिकरापारा नाला तेल नदी से कटकर बने इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए. इसी दौरान लगातार बारिश के चलते खुटगांव क्षेत्र के नाले का जलस्तर बढ़ गया। और टिकरापारा के 2 महिला और 2 पुरुष नाले के दूसरी तरफ फंस गए. पानी का बहाव बढ़ने और नाले की गहराई ज्यादा होने की वजह से उनके लिए वापस लौटना संभव नहीं था.
ग्रामीणों ने डायल-112 के जरिए चार लोगों के बाढ़ में फंसे होने की खबर पुलिस को दी. खबर मिलते ही देवभोग पुलिस टीम फौरन घटनास्थल के लिए रवाना हुई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हालात का जायजा लिया. पानी का तेज बहाव और बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को फौरन जानकारी दी गई. इसके बाद SDRF गरियाबंद की टीम को मौके पर बुलाया गया.
पुलिस और SDRF की टीम ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. चुनौतीपूर्ण हालात और अंधेरी रात के बीच टीम लगातार प्रयास करती रही. आखिरकार करीब रात 2 बजे बाढ़ में फंसे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
रेस्क्यू किए गए लोग
त्रिनाथ मरकाम पिता चित्रांग मरकाम उम्र 45 साल
बलभद्र मरकाम, पिता चित्रांग मरकाम, उम्र 42 साल
दुबनी बाई मरकाम, पति त्रिनाथ मरकाम, उम्र 30 साल
जयमनी, पति बलभद्र मरकाम, उम्र 28 साल
चारों टिकरापारा, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद के निवासी हैं.
डायल-112 से मिली खबर पर देवभोग पुलिस की तत्काल कार्रवाई और SDRF टीम के साथ बेहतर समन्वय के चलते चारों लोगों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया. आधी रात चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस और SDRF की तत्परता ने चार जिंदगियों को सुरक्षित बचाने में अहम भूमिका निभाई.
सफल रेस्क्यू अभियान में हवलदार यशवंत साहू, उमेनंद सिन्हा, ललित कंवर, सैनिक देवाराम गढ़िया, राजेश भरतद्वाज, गोपी ठाकुर, मनोज यादव और चैनुराम निषाद सहित अन्य जवानों की अहम भूमिका रही. वहीं देवभोग थाना स्टाफ और 112 की टीम ने भी एसटीआरएफ जवानों के साथ मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया.
बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीणों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है.

Author