गरियाबंद : नेशनल हाईवे 130 सी (गरियाबंद-देवभोग-उड़ीसा मार्ग) पर झरियाबहरा से लेकर मदांगुड़ा गोहरापदर तक की सिंगल सड़क होने की वजह से इन दिनों राहगीरों के लिए आफत बन चुकी है. बारिश के मौसम में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क किनारे पटरी में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं. साइड देने के लिए जैसे ही वाहन चालक वहान को नीचे उतरते हैं बड़े गाड़ी फस रही है या तो पलट जा रही है जिसकी वजह से आए दिन लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है. सड़क किनारे बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसों का न्योता दे रहे हैं. और लोग लगातार हादसों के शिकार हो रहे हैं.
जनता की इस गंभीर समस्या को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव के नेतृत्व में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ एक अनोखा और उग्र प्रदर्शन किया.
गड्ढों में बैठकर जताया विरोध, गूंजे नारे
सड़क की दुर्दशा से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता हाईवे किनारे पर जलभराव वाले बड़े-बड़े गड्ढों के किनारे बैठ गए. कार्यकर्ताओं ने हाथों में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के मंत्रियों की तस्वीरें लेकर जोरदार नारेबाजी की.
कांग्रेस नेताओं प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह हाईवे रायपुर से ओडिशा को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है. इस मार्ग में रोजाना सैकड़ो की तादाद में यात्री वाहन के साथ माल वाहक बड़े वाहन चलते हैं. लेकिन इसके रखरखाव को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही है. बारिश के चलते गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं.
जल्द मरम्मत न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, महामंत्री गेंदु यादव, आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष दुलेन्द नेगी, कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर शासन-प्रशासन जल्द से जल्द इस मार्ग का चौड़ीकरण और गड्ढों की मरम्मत का काम शुरू नहीं कराता है. तो आने वाले दिनों में और भी बड़ा उग्र आंदोलन किया जाएगा. जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और संबंधित विभाग की होगी.
यात्रियों और राहगीरों ने भी आंदोलन का समर्थन किया
इस अनोखे प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की कतारें लग गईं और स्थानीय लोगों ने भी कांग्रेस के इस कदम का समर्थन किया. यात्रियों और रहागीरों ने भी आंदोलन का समर्थन किया.
इस मौके पर प्रमुख रूप से ब्लाक अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, महामंत्री गेन्दु यादव, आदिवासी कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष दुलेन्द्र नेगी, सचिव लिकेश यादव, डोमार साहू, अर्जुन नायक, तीव कुमार सोनी, प्रमोद नेताम, इम्तियाज मेमन, इमरान रजा, गौकरण नागेश सहित कांग्रेस नेता मौजूद थे.
2026-08-27











