कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा कर्नाटक में दिए गए एक भाषण के एक अंश का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य के लोगों को वोट के लिए धमकी देना उनका अपमान है। कांग्रेस ने ट्विटर पर नड्डा के भाषण का एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा अध्यक्ष ने कर्नाटक के लोगों को धमकी दी है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘कर्नाटक के लोगों ने अपने खून-पसीने से एक बेहतरीन राज्य बनाया है। उन्हें यह धमकी देना उनका अपमान है कि अगर वे भाजपा को वोट नहीं देते हैं तो उन्हें प्रधानमंत्री का ‘आशीर्वाद’ नहीं मिलेगा। हर कर्नाटकवासी को अपने राज्य के भविष्य, अपने गौरव और समृद्धि के लिए स्वतंत्र होकर वोट करना चाहिए।’’
Kannadigas have built their great state with their own sweat and blood.
It’s insulting to threaten them with the withdrawal of the Prime Minister’s “blessings” if they do not vote BJP.
Every Kannadiga must vote freely for the future of Karnataka, it’s pride and it’s prosperity. https://t.co/QX9JEuUizu— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) April 20, 2023
कांग्रेस ने नड्डा का जो वीडियो साझा किया है उसमें उन्हें यह बोलते सुना जा सकता है, ‘‘कर्नाटक में विकास की गंगा बहती रहे इसलिए मैं कमल के निशान पर वोट मांगने आया हूं। कर्नाटक में विकास जारी रहे, निरंतर चलता रहे, यह चुनाव का मुद्दा है। जो (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी जी का आशीर्वाद है, उससे कहीं कर्नाटक वंचित ना हो जाए, इसलिए मेरा आपसे निवेदन है कि आपको कमल को जिताना है और कर्नाटक के विकास को आगे बढ़ाना है।’’







