आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी लोगों की मेंटल हेल्थ को बुरी तरह प्रभावित कर रही है. अत्यधिक तनाव, एंजाइटी, डिप्रेशन, जेनेटिक कारण और जिंदगी की परेशानियां लोगों को मानसिक रूप से अस्वस्थ बना रही हैं. मानसिक स्वास्थ्य का असर शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ता है. अगर आप बेहतर महसूस कर रहे हैं, तो आपका शरीर भी स्वस्थ रहेगा. मानसिक स्वास्थ्य खराब हो, तो यह कई गंभीर परेशानियां पैदा कर देता है और शरीर को कमजोर बना देता है. जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेंटल हेल्थ काफी मायने रखती है. अगर आप भी मेंटल हेल्थ की समस्याओं से जूझ रहे हैं, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. कुछ अच्छी आदतों को अपनाकर मेंटल हेल्थ को बेहतर बनाया जा सकता है.
नई दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर और मनोचिकित्सक डॉ. प्रेरणा कुकरेती के अनुसार मेंटल हेल्थ को बेहतर बनाए रखना बहुत जरूरी है. इसमें लापरवाही बरतने से कई मानसिक बीमारियां पैदा हो सकती हैं. इसके लिए जरूरी है कि आप हेल्दी आदतें अपनाएं और तनाव को कंट्रोल करना सीखें. मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीरता बरतनी चाहिए. अधिकतर लोग मेंटल हेल्थ को नरजअंदाज करते हैं, जिससे आगे चलकर गंभीर स्थिति पैदा हो जाती है. अगर रोज की दिनचर्या में कुछ अच्छी बातों को फॉलो किया जाए, तो मेंटल हेल्थ को काफी हद तक सुधार सकते हैं.
इन 5 तरीकों से सुधारें मेंटल हेल्थ
- – मनोचिकित्सक के मुताबिक मेंटल हेल्थ को सुधारने के लिए तनाव कम करें और आराम करें. हर दिन 7-8 घंटे की पर्याप्त नींद लें. यदि आप तनावपूर्ण महसूस कर रहे हैं, तो ब्रेक लेने की कोशिश करें. कुछ मिनट का ब्रेक लेने से भी आपको तनाव और चिंता दूर करने में मदद मिल सकती है. आप कुछ ऐसा करें, जिससे आपको आनंद महसूस हो और आपको अच्छा लगे. अपनी पसंदीदा गतिविधि को नियमित रूप से करने के लिए समय जरूर निकालें.
- – आज के जमाने में अधिकतर लोग स्मार्टफोन और लैपटॉप पर काफी समय बिताते हैं, जिससे वे व्यस्त और तनावग्रस्त महसूस करते हैं. ऐसे में आप इन गैजेट्स से दूर रहने की कोशिश करें. अपने फोन को दूसरे कमरे में रखने का प्रयास करें या अपने लिए समय निर्धारित करने के लिए अलार्म सेट करें. इसे आमतौर पर डिजिटल डिटॉक्स भी कहा जाता है. फोन कम चलाएं और बाहर निकलें. इससे आपकी मेंटल हेल्थ बेहतर हो जाएगी.
- – कुछ क्रिएटिव करने की कोशिश करें. कुछ रचनात्मक करना मेंटल हेल्थ के लिए फायदेमंद हो सकता है. इसके लिए आप कोई म्यूजिक डिवाइस बजाना सीख सकते हैं. आप किसी क्लास को जॉइन कर सकते हैं, जिससे आपका कॉन्फिडेंस बढ़ जाएगा. इसके लिए ऑनलाइन क्लासेस एक अच्छा विकल्प है. आप जब लोगों से मिलेंगे और बातचीत करेंगे, तो इससे आपकी मेंटल हेल्थ में सुधार जरूर आएगा.
- – घर से बाहर निकलें और प्रकृति के साथ कुछ वक्त बिताएं. आप नजदीकी टूरिस्ट प्लेस पर घूमने जा सकते हैं. बाहर प्रकृति में समय बिताने से आपके मूड को सुधारने और तनाव की भावनाओं को कम करने में मदद मिल सकती है. बहुत से लोग पालतू जानवरों के साथ वक्त बिताना पसंद करते हैं. ऐसे में आप पालतू जानवरों को टहलाने की कोशिश कर सकते हैं. अपनी खिड़की से पक्षियों को खाना खिला सकते हैं या आसपास पार्क में घूमने जा सकते हैं.
- – अपने शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखें. सही मात्रा में पानी पिएं. पर्याप्त पानी पीना आपके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है. हेल्दी डाइट लें. संतुलित आहार खाने से आपके मूड और एनर्जी लेवल में सुधार हो सकता है. स्मोकिंग, शराब व अन्य नशीले पदार्थों से दूरी बरतें. हर दिन फिजिकली एक्टिव रहें और एक्सरसाइज करें. इससे मेंटल हेल्थ में सुधार होता है. अगर आप फिजिकली फिट रहेंगे, तो मेंटल हेल्थ को भी मजबूती मिलेगी.








