फिल्म ही नहीं, उनके बनने के पीछे की कहानियां भी काफी दिलचस्प होती हैं. एक बार बॉलीवुड के मशहूर एक्टर को लड़की बनकर वॉशरूम जाना पड़ा था. हालांकि, तब बड़ी अजीब स्थिति पैदा हो गई थी, जब ऋषि कपूर को ढूंढते हुए दो विदेशी सेट तक पहुंच आए थे. उन्हें जब सच्चाई पता चली, तो वे हैरान हुए बिना नहीं रह सके.
नई दिल्ली: सिनेमाहॉल के पर्दे पर दिखाई जाने वाली कहानियां जितनी मनोरंजक होती हैं, उतनी ही दिलचस्प और मजेदार उनके बनने की कहानियां होती हैं. फिल्म के सेट पर हमेशा कुछ-न-कुछ मजेदार होता रहता है जो आगे चलकर लोकप्रिय किस्सों में तब्दील हो जाते हैं. ऐसा ही एक किस्सा साल 1975 में आई फिल्म ‘रफू चक्कर’ की शूटिंग का है, जिसमें मशहूर एक्टर ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) अहम रोल में हैं.
ऋषि कपूर यूं तो पर्दे पर रोमांटिक किरदार निभाने के लिए मशहूर थे और आम दर्शकों के बीच उनकी इमेज चॉकलेटी हीरो वाली थी, मगर वे हमेशा कुछ अलग और दिलचस्प किरदार निभाने पर यकीन करते रहे. फिल्म ‘रफू चक्कर’ में उन्हें लड़की के गेटअप में भी शूटिंग की थी. उस दौर में किसी टॉप एक्टर को महिला के पहनावे में देखना बड़ी दुर्लभ बात थी, लेकिन ऋषि कपूर ने फिल्म के एक सीन में लड़की भी बन गए.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऋषि कपूर ‘रफू चक्कर’ की शूटिंग के चलते कश्मीर में थे. वे जब पूरी तरह महिला के किरदार में तैयार थे, तब उन्हें अचानक वॉशरूम जाने की जरूरत महसूस हुई. दिक्कत यह थी कि वे फीमेल वॉशरूम का इस्तेमाल नहीं कर सकते थे, इसलिए उन्हें जेंट्स टॉयलेट में जाना पड़ा. वॉशरूम में पहले से दो विदेशी मौजूद थे, वे लड़की के गेटअप में ऋषि कपूर को देखकर हैरान थे. ऋषि कपूर को डर के साथ-साथ शर्मिंदगी भी महसूस हुई और वे बाहर की ओर भाग खड़े हुए.
दोनों विदेशी उस महिला को ढूंढने लगे, जिसे उन्होंने वॉशरूम में देखा था. जब वे फिल्म के सेट पर पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि वे जिसे लड़की समझ रहे थे, वह तो मशहूर एक्टर ऋषि कपूर हैं. बता दें कि ‘शर्माजी नमकीन’ ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म है. उनका अप्रैल 2020 को कैंसर के चलते निधन हो गया था.









