तेज रफ्तार हाइवा ने नाबालिग को मारी टक्कर,12 साल के बच्चे की मौत, परिवार में पसरा मातम, गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम  

Spread the love

डोंगरगढ़ : छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में तेज रफ्तार हाइवा ने एक 12 साल के मासूम की जान ले ली. अंडरब्रिज के पास शुक्रवार देर शाम हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद शहर में आक्रोश फैल गया. शनिवार सुबह बड़ी तादाद में नागरिक, सामाजिक संगठन और मृतक के परिजन सड़क पर उतर आए और शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही पर फौरन रोक लगाने और लंबे समय से लंबित बाईपास सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की. कई घंटों तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही.
तेज रफ्तार हाइवा ने ली मासूम की जान
मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ के अंडरब्रिज के पास शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन गुजर रहा था. इसी दौरान 12 साल का बच्चा उसकी चपेट में आ गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश
मासूम की मौत के बाद शनिवार सुबह मृतक के परिजन और बड़ी तादाद में स्थानीय लोग डोंगरगढ़ थाना पहुंचे. लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर के अंदर से भारी वाहनों की आवाजाही लगातार हादसों की वजह बन रही है. कई साल से शहर के बाहर से बाईपास सड़क निर्माण की मांग की जा रही है. लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है. लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही की वजह से भारी वाहनों की आवाजाही पर कंट्रोल नहीं हो पा रहा है. जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं.
बाईपास निर्माण और भारी वाहनों पर रोक की मांग
चक्काजाम कर रहे लोगों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं. इनमें मृतक बच्चे के परिवार को आर्थिक सहायता, हाइवा चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, वाहन मालिक पर कार्रवाई और शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक शामिल थी. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा. शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए स्थायी समाधान जरूरी है.
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे
चक्काजाम की खबर मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया. पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों की मांगों को सुना. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मृतक के परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी. इसके अलावा हाइवा चालक और वाहन मालिक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई. प्रशासन ने बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाने और शहर में भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया.
आश्वासन के बाद खत्म हुआ चक्काजाम
प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम खत्म कर दिया. इसके बाद यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हुई. हालांकि लोगों का गुस्सा अभी भी बरकरार है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की और बाईपास निर्माण को गति नहीं दी गई तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

Author