बिलासपुर : खेत की फसल चराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना खूनी हो गया कि आरोपियों ने 58 साल के किसान को पकड़कर कथित तौर पर जबरदस्ती कीटनाशक पिला दिया. हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई. हिर्री पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एक नाबालिग बालक को भी हिरासत में लिया गया है. सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. यह मामला 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:45 बजे हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम मुरू और खरकेना मार्ग का है.
मामले की शुरुआत मर्ग क्रमांक 35/26 की जांच से हुई. पुलिस ने मृतक राजू निर्मलकर पिता कोदू निर्मलकर, उम्र 58 साल निवासी पथराली की पत्नी शीला निर्मलकर के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और मर्ग पंचनामा की कार्रवाई के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में पुलिस को शक हुआ कि खेत की फसल चराने को लेकर आरोपियों ने राजू निर्मलकर को पकड़ लिया और उसे जबरदस्ती कीटनाशक दवा पिला दी. जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा जुर्म कबूल किए जाने की बात पुलिस ने बताई है. मुख्य आरोपी गोलू उर्फ जगजीवन पठारी के बयान के आधार पर पुलिस ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक को कीटनाशक दवा पिलाई थी. आरोपी ने कीटनाशक के डिब्बे को घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपाने की जानकारी भी दी.
पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
गोलू उर्फ जगजीवन पठारी, पिता जगदीश पठारी, उम्र 31 साल निवासी मुरू
मनमोहन पठारी, पिता जगदीश पठारी, उम्र 30 साल निवासी मुरू
संदीप यादव, पिता सत्तू यादव, उम्र 21 साल निवासी पथराली, थाना हिर्री
राकेश निर्मलकर, पिता अश्वनी निर्मलकर, उम्र 26 साल निवासी अमसेना, थाना हिर्री
इसके अलावा एक नाबालिग बालक को भी मामले में लिया गया है.
हिर्री पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 229/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर जांच की. पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
महज फसल चराने के विवाद ने ले ली जान
गांवों में खेत की फसल को लेकर होने वाले विवाद अक्सर कहासुनी और मारपीट तक पहुंच जाते हैं. लेकिन इस मामले में आरोप है कि मामूली विवाद ने एक ग्रामीण की जान ले ली. पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में यह स्पष्ट होना बाकी है कि घटना के दौरान आरोपियों की क्या-क्या भूमिका थी और मृतक को कीटनाशक पिलाने की पूरी घटना किस तरह अंजाम दी गई. पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
2026-08-28











