रायपुर : राजधानी के महादेव घाट पर शुक्रवार दोपहर अस्थि विसर्जन के दौरान एक युवक खारुन नदी में डूब गया. घटना करीब 12:30 बजे की है. युवक की पहचान रायपुरा सतनामी पारा निवासी युधिष्ठिर सारंग उम्र 35 साल के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक युधिष्ठिर अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने परिजनों के साथ घाट पहुंचा था. उसकी बहन गीतेश्वरी की 25 अगस्त को तबीयत खराब होने से मौत हो गई थी. अस्थि विसर्जन के बाद परिवार के लोग नदी में नहा रहे थे. इसी दौरान युधिष्ठिर गहरे पानी में चला गया और एनीकट के नीचे बने भंवर में फंसकर डूब गया.
एक व्यक्ति सुरक्षित, एक डूबा
परिजनों के साथ रामेश्वर भी गहरे पानी की तरफ चले गए थे. मौके पर मौजूद मछुआरों ने रामेश्वर को बाहर निकाल लिया. वह सुरक्षित हैं. लेकिन युधिष्ठिर पानी के तेज बहाव के साथ आगे चला गया और गहरे पानी में डूब गया.
रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किल
हादसे की खबर के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. एसडीआरएफ के जवान नाव और अन्य उपकरणों की मदद से नदी में तलाश कर रहे हैं. एनीकट के नीचे पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी हो रही है.
परिजनों का आरोप
युधिष्ठिर के परिजनों ने आरोप लगाया कि एसडीआरएफ की टीम करीब तीन घंटे बाद पहुंची. उनका कहना है कि समय पर पहुंचने पर बचाव कार्य जल्दी शुरू हो सकता था. इस आरोप पर अधिकारियों की तरफ से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. पुलिस घटना की जांच कर रही है, जबकि एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी है.
2026-08-28











