गरियाबंद/चिंगरापगार : गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चिंगरापगार जलप्रपात में रविवार को पार्किंग और प्रवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बड़े बवाल में बदल गया. दुर्ग से दो से तीन चारपहिया वाहनों में पहुंचे युवकों और स्थानीय समिति के सदस्यों के बीच एंट्री को लेकर पहले तीखी बहस हुई. फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और युवकों के वाहनों में तोड़फोड़ कर दी गई.
समिति के युवकों से मारपीट का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर 3 बजे के बाद पर्यटकों की एंट्री बंद होने के बावजूद कुछ युवक जबरन अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे. इसी बात को लेकर पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था संभाल रही समिति के युवकों से विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि विवाद के दौरान बाहरी युवकों ने समिति के सदस्यों के साथ मारपीट भी की.
पुलिस पहुंची, पांच युवकों को लेकर गरियाबंद थाने पहुंची
घटना की खबर मिलते ही गरियाबंद पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ युवक पुलिस से भी उलझ पड़े और उनके साथ गाली-गलौच करते हुए ट्रांसफर करवाने की धमकी देने लगे. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पांचों युवकों को चिंगरापगार से लेकर सीधे गरियाबंद थाना पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण भी गरियाबंद थाना पहुंच गए. जहां माहौल फिलहाल तनावपूर्ण बना रहा.
विवादित वाहनों में से एक वाहन को भी पुलिस थाने लेकर गई है. बाकी एक वाहन जिसमें भाजपा के पाधिकारी का पद नाम लिखा था वह वाहन विवाद के बाद मौके से गायब हो गया.
नशे में होने और राजनीतिक नाम का इस्तेमाल करने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विवाद करने वाले युवक नशे की हालत में थे. स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि युवक एक भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी की गाड़ी होने की बात कहकर ग्रामीणों और पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे और पार्टी का नाम लेकर धमका रहे थे. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की तरफ से नहीं की गई है.
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. मारपीट, तोड़फोड़ और अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
2026-07-12











