बिलासपुर/सिरगिट्टी : बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आदर्श नगर स्थित पानी टंकी के पास थूकने की बात को लेकर एक नाबालिग छात्र पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला किया गया. हमले में 15 साल के छात्र शिवम नायक उर्फ शिब्बू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फौरन सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक महिमा नगर निवासी राम कुमार नायक ने सिरगिट्टी थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उनका भांजा शिवम नायक शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्तों देवरथ साहू और शिवा राव के साथ पोचो ग्राउंड से क्रिकेट खेलकर घर लौट रहा था.
आदर्श नगर पानी टंकी के पास शिवम सड़क किनारे थूक रहा था. इसी दौरान वहां पहुंचे विभय दास के पैर पर थूक पड़ गया. इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि विभय दास ने गाली-गलौज की. जिसके बाद शिवम अपने दोस्तों के साथ वहां से आगे बढ़ गया. कुछ देर बाद विभय दास अपने पिता विजय कुमार दास के साथ स्कूटी से वहां पहुंचा. विजय कुमार दास ने शिवम के हाथ पकड़ लिया. जबकि विभय दास ने धारदार चाकू से उसके सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिया.
हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी आंत बाहर निकल आई. वारदात के बाद घायल शिवम को उसके दोस्तों ने सिम्स अस्पताल, बिलासपुर पहुंचाया. जहां उसका इलाज जारी है.
सिरगिट्टी पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर विभय दास और विजय कुमार दास के खिलाफ धारा 109 बीएनएस, 296 बीएनएस एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
2026-07-12











