बिलासपुर/सकरी : सकरी थाना क्षेत्र में एक ढाबा संचालक और उसके कर्मचारियों को जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मोबाइल गुम होने के बाद सीसीटीवी फुटेज देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आधा दर्जन युवकों ने ढाबे पर पहुंचकर न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट की. बल्कि पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास भी किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक भूण्डा निवासी मोहम्मद इस्माइल खान उर्फ सोनू उम्र 31 साल सकरी क्षेत्र में ढाबा संचालित करते हैं. 13 जुलाई की रात कुछ युवक उनके ढाबे में खाना खाने पहुंचे थे. अगले दिन उनमें से एक युवक अपने साथियों के साथ वापस आया और दावा किया कि उसका मोबाइल ढाबे में कहीं छूट गया है. युवकों ने मोबाइल तलाशने के लिए ढाबे के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने की मांग की.
ढाबा संचालक ने मदद करते हुए अपना मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दिया. बताया जा रहा है कि करीब 45 मिनट तक फुटेज देखने के बाद भी मोबाइल दिखाई नहीं दिया. इसी बात को लेकर युवकों और ढाबे के कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि एक कर्मचारी के साथ मारपीट की नौबत आ गई. जिसे अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर शांत कराया.
अगले दिन साथियों के साथ पहुंचे आरोपी..
पुराने विवाद की रंजिश को लेकर 15 जुलाई की सुबह आरोपी फिर ढाबे पर पहुंचे, इस बार उनके साथ चार अन्य युवक भी थे, आरोप है कि सभी ने मिलकर ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई.
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने ढाबे और वहां मौजूद लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया. इस दौरान उनके पास बटनदार चाकू सहित अन्य घातक वस्तुएं भी थीं. जिन्हें दिखाकर कर्मचारियों को डराया और धमकाया गया. घटना से ढाबे में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई.
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सबूत..
वारदात की खबर मिलते ही सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए और सीसीटीवी फुटेज की जांच की. जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और सभी को हिरासत में ले लिया.
पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म करना कबूल किया. जिसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू और अन्य सामग्री जब्त कर लिया. मामले में सीसीटीवी फुटेज को भी अहम सबूत के रूप में जब्त किया गया है.
छह आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए..
पुलिस ने मामले में संकेत कुमार जायसवाल उर्फ छोटू, राजवीर बाबरा, लारेन फ्रांसिस, राहुल गहरवरिया, आर्यन दुबे उर्फ तुषार और राहुल श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया. गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
आरोपी
संकेत कुमार जायसवाल उर्फ छोटू
राजवीर बाबरा
लारेन फ्रांसिस
राहुल गहरवरिया
आर्यन दुबे उर्फ तुषार
राहुल श्रीवास्तव
2026-07-16











