नारायणपुर : नारायणपुर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के जरिए फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एक महिला को अश्लील संदेश भेजने, उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी के खिलाफ उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थिया ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई और उसे लगातार अश्लील संदेश भेजे जा रहे थे. साथ ही उसकी तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रुप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल किया जा रहा था.
इस शिकायत पर थाना नारायणपुर में धारा 79 बी.एन.एस. एवं 67(क) आई.टी. एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर मामला जांच में लिया गया. थाना नारायणपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी सबूतों का विश्लेषण किया. जांच के दौरान सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबर का तकनीकी परीक्षण कर आरोपी की पहचान सुलेंद्र कुमार भूआर्य पिता पंचुराम भूआर्य उम्र 32 साल निवासी ग्राम पीपरखार, थाना देवरी, जिला बालोद के रूप में की गई.
पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जिसमें उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर प्रार्थिया को अश्लील संदेश भेजने, उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग करने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का जुर्म कबूल किया. आरोपी के कब्जे से जुर्म में इस्तेमाल मोबाइल फोन जप्त किया गया. आरोपी सुलेंद्र कुमार भूआर्य को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
आरोपी
सुलेंद्र कुमार भूआर्य पिता पंचुराम भूआर्य उम्र 32 साल निवासी ग्राम पीपरखार, थाना देवरी, जिला बालोद छत्तीसगढ़
2026-07-16











