धमतरी : धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा ग्राम पंडरीपानी और खड़मा के बीच हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
मिली जानकारी के मुताबिक दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया हुआ था. इसी दौरान गांव में उसके बड़े भाई के निधन की खबर मिलने पर दोनों अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने गांव लौट रहे थे. रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की खबर मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी है.
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही धनोरा सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई. जिस परिवार में पहले से बड़े भाई के निधन का मातम था, उसी परिवार पर कुछ ही घंटों के भीतर पति-पत्नी की मौत का दूसरा वज्रपात हो गया. घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है.
2026-07-17











