महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40.97 लाख के 3,304 कट्टा धान की अनियमितता में 6 महीने से फरार समिति प्रभारी प्रेमसिंह ध्रुव गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Spread the love

महासमुंद : महासमुंद जिले की कोमाखान थाना पुलिस ने धान खरीदी केंद्र में करीब 40.97 लाख रुपये की अनियमितता के मामले में फरार चल रहे समिति प्रभारी आरोपी प्रेमसिंह ध्रुव उम्र 42 साल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल में भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मुनगासेर शाखा के ब्रांच मैनेजर सेवकराम चंद्राकर पिता स्व मन्नूलाल चंद्राकर उम्र 58 साल ने कोमाखान थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उपार्जन केंद्र बाघामुडा के ऑनलाइन रिकॉर्ड में 1,25,878 कट्टा धान उपलब्ध दर्शाया गया. वहीं, भौतिक सत्यापन के दौरान केंद्र के फड़ पर सिर्फ 1,22,574 कट्टा धान ही मिला. इस तरह ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में 3,304 कट्टा धान (1,321.6 क्विंटल) की कमी पाई गई.
जांच में सामने आया कि गायब धान का समर्थन मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कुल 40,96,960 रुपये होता है. इस अनियमितता के आधार पर समिति प्रभारी प्रेमसिंह ध्रुव के खिलाफ कोमाखान थाने में अपराध क्रमांक 12/2026 के तहत धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी. जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल की सीडीआर और लोकेशन का विश्लेषण किया गया. इसके आधार पर पुलिस ने ग्राम मोखा में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को 17 जुलाई 2026 को न्यायिक हिरासत में अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया. मामले की विवेचना अभी जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Author