मोबाइल चोरी के शक में यात्री ने लात मारकर दिया धक्का, चोर जान बचाने चलती ट्रेन के गेट पर लटका, वायरल वीडियो के बाद आरोपी सुरेश रायपुर से गिरफ्तार

Spread the love

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चलती ट्रेन में एक युवक को लात मारने वाले यात्री को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है. यात्री ने मोबाइल चोरी के शक में ट्रेन में लटक रहे युवक को लात मार दी. ट्रेन के पायदान से लटकते समय लात मारकर यात्री ने युवक को नीचे गिरा दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
15 जुलाई की है घटना
मीडिया वायरल होने के बाद जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ ने यात्री को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं ट्रेन से गिरकर घायल हुए कथित चोर की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि घायल युवक के मिलने और बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मिली जानकारी के मुताबिक घटना आजाद हिंद एक्सप्रेस की है. मामला 15 जुलाई का बताया जा रहा है. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है. जिसके बाद जीआरपी ने कार्रवाई की है.
रायपुर आ रही थी ट्रेन
शुरुआती जानकारी के मुताबिक आजाद हिंद एक्सप्रेस रायपुर रेलवे स्टेशन आ रही थी. इसी दौरान उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशनों के बीच एक युवक ट्रेन के पायदान में लटकते हुए दिखाई दिया. युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगा था. दावा किया जा रहा है कि युवक मोबाइल चोरी करते हुए पकड़ा गया था.
मोबाइल चोरी करते हुए पकड़े जाने के बाद युवक जान बचाने के लिए ट्रेन के दरवाजे के बाहर पायदान से लटक गया. इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने उसे बचाने के बजाय कई बार लात मारकर नीचे गिरा दिया. जिसके बाद युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया. इस दौरान युवक को गंभीर रूप से चोट आई है.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस ने पड़ताल शुरू की. एक तरफ जीआरपीएफ नीचे कूदने वाले चोर की तलाश में है. तो दूसरी तरफ चोर को नीचे कूदने के लिए मजबूर करने वाले यात्री आर सुरेश कुमार के खिलाफ BNS धारा 115(2), 117(3) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है.

Author