बिजली गुल हुई तो चिमनी जलाकर सोई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला, आग की चपेट में आने से मौत, सुबह का मंजर देख उड़ गए परिजनों के होश, परिवार में पसरा मातम

Spread the love

बिलासपुर/तखतपुर : बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोड़े में दर्दनाक हादसा सामने आया है. बिजली गुल होने के बाद चिमनी जलाकर सोई 70 साल की बुजुर्ग महिला की आग की चपेट में आने से मौत हो गई. सुबह काफी देर तक महिला के कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजन अंदर पहुंचे तो वह जली हुई हालत में जमीन पर पड़ी मिली. खबर मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतका मोड़े निवासी शाहीन बाई पटेल उम्र 70 साल अपने घर में रात को सोने गई थीं. इलाके में बिजली बंद होने की वजह से उन्होंने रोशनी के लिए चिमनी जलाई थी. परिजनों के मुताबिक वह अक्सर चिमनी को अपने बिस्तर के पास रखकर सोती थीं. घटना वाली रात भी उन्होंने चिमनी जलाई और इसके बाद सो गईं.
आशंका जताई जा रही है कि रात में किसी तरह जलती हुई चिमनी से आग फैल गई और महिला इसकी चपेट में आ गईं. आग किस तरह लगी और चिमनी कैसे गिरी. फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
बताया जा रहा है कि रात में परिवार के अन्य सदस्यों को घटना का पता नहीं चल सका. सुबह होने के बाद काफी समय तक शाहीन बाई अपने कमरे से बाहर नहीं निकलीं. इससे परिजनों को चिंता हुई. परिवार के सदस्यों ने जब कमरे में जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए. बुजुर्ग महिला जली हुई हालत में जमीन पर पड़ी थीं.
परिजनों ने घटना की जानकारी तखतपुर थाना पुलिस को दी. खबर मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. जरुरी कानूनी कार्रवाई के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
शुरुआती तौर पर हादसा चिमनी से आग लगने की आशंका है. हालांकि पुलिस ने अभी आग लगने की असल वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है. घटनास्थल के हालात के साथ परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत से संबंधित स्थिति और साफ होने की उम्मीद है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आग किस तरह लगी और महिला उसकी चपेट में कैसे आईं. बुजुर्ग महिला की इस दर्दनाक मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर घरों में चिमनी, दीये और अन्य आग के साधनों के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है.

Author