बिलासपुर/तखतपुर : बिलासपुर जिला में तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहे तीन मासूम बच्चों के मामले में रविवार 23 अगस्त सुबह एक और दुखद खबर सामने आई. लगातार दूसरे दिन SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल का शव भी बरामद कर लिया. इससे पहले शनिवार 22 अगस्त को रिद्धी/शिक्षा के शव की बरामदगी हुई थी. तीनों बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है.
हादसे के बाद से ही पुलिस और SDRF की टीम बच्चों की तलाश में जुटी हुई थी. रविवार को SDRF ने सुबह करीब 6 बजे से घोंघा नदी में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया. नदी के तेज बहाव और मुश्किल हालात के बीच टीम ने अनमोल का शव नदी में कुछ दूरी पर पुल के नीचे से बरामद किया गया.
एक-एक कर तीनों बच्चों के शव मिलने की खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में बच्चों की चहक थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है. हादसे से समडील गांव में भी शोक का माहौल है. बताया गया कि तीनों बच्चे स्कूल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोंघा नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से वे पानी में बह गए. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस, ग्रामीण और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और लगातार बच्चों की तलाश शुरू की.
हादसे के बाद पुलिस टीम रातभर मौके पर मौजूद रही. अब बच्चों के शवों की पंचनामा कार्रवाई की जा रही है. पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. मृतक बच्चों की पहचान अनमोल पिता भुनेश्वर जायसवाल कक्षा KG-2-स्तुति,पिता भुनेश्वर जायसवाल, रिद्धी और शिक्षा, पिता विजय जायसवाल, कक्षा 3वीं के रूप में बताई गई है.
तीन मासूमों की दर्दनाक मौत ने पूरे समडील गांव को झकझोर दिया है. परिजनों के साथ ग्रामीण भी गहरे सदमे में हैं. हादसे ने नदी में तेज बहाव के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता खड़ी कर दी है.
2026-08-23











