गरियाबंद/छुरा : गरियाबंद जिला के छुरा शहर में चोरी की वारदातें अब उन जगहों तक पहुंच गई हैं. जहां लोग अंतिम संस्कार के बाद कुछ पल सुकून और शांति के लिए जाते हैं. वार्ड नम्बर 10 स्थित मुक्तिधाम के कमरे को चोरों ने निशाना बनाया. आधी रात ताला तोड़कर करीब 500 फीट केबल वायर चोरी कर लिया. मामले की जांच में जुटी छुरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया है. जबकि उसका साथी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है.
मिली जानकारी के मुताबिक मुक्तिधाम के अंदर बने कमरे में रखे 5 नग बोर लाइन के केबल वायर पर चोरों की नजर पड़ी. 15 अगस्त की रात करीब 12 बजे आरोपी ने कमरे का ताला तोड़ा और करीब 500 फीट वायर लेकर फरार हो गया. घटना का पता चलने के बाद 27 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. इसी दौरान मुखबिर से मिली खबर ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचा दिया. पुलिस ने शक के घेरे में आए मान्टू ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया.
पुलिस के मुताबिक चोरी के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए कुछ केबल वायर को आग के हवाले कर दिया. जबकि बचे हुए वायर को अपने घर में सीढ़ी के नीचे छिपाकर रख दिया था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर केबल वायर बरामद कर लिया. घटना में इस्तेमाल लोहे की वस्तु भी जब्त की गई है.
पुलिस ने मान्टू ध्रुव पिता गब्बर ध्रुव उम्र 30 साल निवासी पलौद, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर, स्थायी पता गादीकोट छुरा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 303(1), 331(4) और 112(1) के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस अब वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
गिरफ्तार आरोपी
मान्टू ध्रुव, पिता गब्बर ध्रुव, उम्र 30 वर्ष
निवासी पलौद, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर
स्थायी पता – गादीकोट, थाना छुरा, जिला गरियाबंद
जब्त सामग्री
चोरी किया गया केबल वायर
घटना में प्रयुक्त लोहे की वस्तु











