वित्तीय अनियमितता मामले में सरपंच हेमलता निलंबित, पंचायत में 37 लाख का गबन के आरोप, शिकायत पर एसडीएम मनोज बंजारे का बड़ा एक्शन

Spread the love

कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा : जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसिया में वित्तीय अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है. SDM पोड़ी उपरोड़ा ने जांच के बाद सरपंच श्रीमती हेमलता बघेल को तत्काल प्रभाव से पद से सस्पेंड कर दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्रामवासियों ने सरपंच के खिलाफ निर्माण कार्यों की राशि में गड़बड़ी और पद के दुरुपयोग की शिकायत की थी. शिकायत पर CEO जनपद पंचायत द्वारा कराई गई जांच में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं.
जांच रिपोर्ट और IDBI बैंक कोनकोना शाखा के खाता विवरण से यह साफ हुआ कि सरपंच हेमलता बघेल ने तत्कालीन सचिव रविन्द्र कुमार सिंह के साथ मिलकर पंचायत के शासकीय खाते से 37 लाख 26 हजार की रकम नियम विरुद्ध तरीके से अपने निजी खाते में ट्रांसफर कर ली. यह रकम पंचायत में स्वीकृत निर्माण कार्यों के लिए थी.
मनोज कुमार बंजारे ने छत्तीसगढ़ पंचायत राजSDM अधिनियम 1993 की धारा 39(1) के तहत यह कार्रवाई की है. आदेश में कहा गया कि निलंबन अवधि में सरपंच कोई भी सरकारी काम नहीं करेंगी और पंचायत का सभी प्रभार, अभिलेख व सामग्री संबंधित अधिकारी को तुरंत सौंपेंगी.
इसके साथ ही उनके खिलाफ धारा 40(1)(क) के तहत पद से अलग करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. इस बारे में 6 जुलाई को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जा चुका है.

Author