बिलासपुर : बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मगरपारा स्थित मरारगली में 16 साल की छात्रा वंशिका पांडेय ने रविवार सुबह अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. वंशिका अंबेडकर स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा थी.
मिली जानकारी के मुताबिक वंशिका ने अपने पिता मनोज पांडेय से मोबाइल ठीक कराने के लिए कहा था. पेशे से इलेक्ट्रिशियन मनोज पांडेय ने काम के पैसे मिलने के बाद मोबाइल सुधरवाने का भरोसा दिया था. पिता के काम पर जाने के कुछ समय बाद छात्रा ने यह कदम उठा लिया.
चचेरे भाई ने सबसे पहले देखा
बताया गया कि वंशिका का चचेरा भाई कमरे में पहुंचा तो उसने उसे पंखे की हुक से साड़ी के फंदे से लटका देखा. उसके शोर मचाने पर परिजन पहुंचे और फंदा काटकर उसे नीचे उतारा
सिम्स में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन वंशिका को सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. खबर मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है और मामले की जांच जारी है.
कल से गुमसुम थी वंशिका
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. वंशिका की बड़ी मां जमुना पांडेय ने बताया कि वह शनिवार से गुमसुम थी. उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर ऐसी क्या बात हुई. जिसकी वजह से उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया. घटना के समय वह घर पर नहीं थीं और लौटने पर उन्हें इसकी जानकारी मिली. फिलहाल खुदकुशी की असल वजह का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
2026-08-02











