नवापारा राजिम : धर्मनगरी राजिम में महानदी पर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पुल की स्ट्रीट लाइटें पिछले हफ्ते भर से बंद पड़ी हैं. रात के समय पुल पर पसरा अंधेरा राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. इस मार्ग से रोजाना बड़ी तादाद में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन होता है. ऐसे में स्ट्रीट लाइट बंद होने से हादसों की आशंका बनी हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक राजिम क्षेत्र में महानदी पर स्थित बेलाही पुल, चौबे बांधा पुल और राजिम पुल—तीनों पर स्ट्रीट लाइटों की हालत खराब है. रात में इन पुलों पर कई बार मवेशी भी सड़क पर बैठे नजर आते हैं. अंधेरे में अचानक मवेशियों के सामने आ जाने से वाहन चालकों के साथ हादसा होने की आशंका और बढ़ जाती है. वही रोड खराब होने से हादसे की भी आशंका बनी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधा लंबे समय से बंद होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है. वही स्थानीय नेताओं की चुप्पी को लेकर भी लोगों में नाराजगी है.
लोगों का कहना है कि अगर अंधेरे की वजह से कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? प्रशासन को किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय फौरन तीनों पुलों की स्ट्रीट लाइटों की जांच कराकर उन्हें दुरुस्त कराना चाहिए.
अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और राजिम सहित आसपास के पुलों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें आखिर कब तक दोबारा चालू होती हैं. वही विद्युत विभाग के ईई धर्मेंद्र साहू ने बिजली बिल नहीं पटने की वजह से विद्युत आपूर्ति रोकने की बात कही.
क्या कहते है जिम्मेदार
इस मामले में ब्रिज विभाग के रायपुर ई ई गोविन्द अहिरवार ने कहा कि बिल गलत जगह पर जाता है. इसलिए ऐसा हुआ है. बावजूद इसके विद्युत विभाग से लाइट ना काटने का निवेदन किया था. लेकिन विभाग की तरफ से बिल पटाने के बाद ही लाइट चालू करने की बात कही गई है. आगे हमने बिल चुकाने विभागीय प्रकिया कर दी है. आगामी कुछ दिनो में लाइट चालू हो जाएगी.
2026-08-26











