दुर्ग : अंडा थाना क्षेत्र के जंजगिरी रोड पर शैलदेवी कॉलेज के आगे शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. हादसे में उसकी पत्नी और एक साल की बेटी सहित दूसरी बाइक का चालक भी घायल हुआ है. हादसे में दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक योगेश यादव निवासी नेवई भाठा रक्षाबंधन के मौके पर अपनी पत्नी श्रीमती संगीता यादव और एक साल की बेटी मृस्ट्री के साथ मोटरसाइकिल नम्बर CG 07 DD 3531 से अपने ससुराल ग्राम माहुद गया था. वहां से वापस घर लौटते समय करीब दोपहर 3:30 बजे शैलदेवी कॉलेज के आगे जंजगिरी रोड, अंडा के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल नम्बर CG 07 AR 4898 से उनकी बाइक की टक्कर हो गई.
बताया गया है कि ग्राम जंजगिरी की तरफ से आ रही मोटरसाइकिल को ग्राम हनोदा निवासी नितेश कुर्रे चला रहा था. आरोप है कि उसने बाइक को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए सामने से आ रही योगेश यादव की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी.
हादसे में योगेश यादव के सिर में गंभीर चोट आई. परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी पत्नी संगीता यादव और एक वर्षीय बेटी मृस्ट्री को भी चोटें आई हैं. वहीं दूसरी मोटरसाइकिल के चालक नितेश कुर्रे को भी चोट लगी है.
मृतक के छोटे भाई कुलेश्वर यादव पिता पुसऊ राम यादव उम्र 20 साल की रिपोर्ट पर अंडा पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल चालक नितेश कुर्रे के खिलाफ अपराध क्रमांक 0090/26 दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 184 LKS, 106(1), 125(a) और 281 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
2026-08-29











