संविदा कर्मियों का वचन निभाओ अभियान

Spread the love

छत्तीसगढ़ संविदा कर्मचारी महासंघ ने अब रायपुर में प्रदर्शन के साथ ही जिला मुख्यालय में वचन निभाओ अभियान शुरू किया है। कर्मियों ने विधायक निवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार के वादों को पूरा कर नियमितीकरण करने की मांग की।

बता दें कि प्रदेश भर के संविदा कर्मी पिछले लंबे समय से नियमितीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य सरकार ने हड़ताली कर्मियों पर सख्ती दिखाते हुए एस्मा लागू किया है। इसके बाद भी कर्मचारी राजधानी रायपुर में डटे हुए हैं और लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। बारिश के बीच भी कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी है।

बिलासपुर में विधायक निवास घेर कर मचाया हंगामा
शनिवार को संविदा कर्मियों ने बिलासपुर में नेहरू चौक से रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए विधायक शैलेष पांडेय के निवास पहुंचे। वहां विधायक की गैरमौजूदगी में कर्मचारियों ने जमकर हंगामा मचाया और कांग्रेस सरकार के वादों को पूरा करने की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष श्याम मोहन दुबे ने बताया कि सर्व विभागीय संवीदा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले उनका आंदोलन तीन जुलाई से चल रहा है। जिसमें उनकी एकमात्र नियमितीकरण की मांग है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में उल्लेखित किया था कि सरकार बनने पर दस दिन के भीतर संविदा कर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा। लेकिन, अब उनकी मांग को पूरा करने के बजाए अनियमित कर्मचारियों पर एस्मा लागू कर उन्हें जेल मे ठुंस रही है।

हर जिले में होगा वचन निभाओ कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि सरकार ने अब तो उन्हें नौकरी से निकालने का फ़रमान जारी कर दिया है। फिर भी प्रदेश के 45000 संविदा कर्मचारी अपनी नियमितीकरण की मांग को लेकर डटे हुए हैं। आंदोलन की अगली कड़ी में सभी जिलों में संविदा कर्मी वचन निभाओ कार्यक्रम कर विधायक निवास का घेराव करेगी, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

 

Author