बेरहमी की इंतेहा : छठी समारोह में युवक को पीट-पीटकर अधमरा किया, फिर 60 मीटर तक सड़क पर घसीटा, मौत के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

बिलासपुर/कोटा : बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी के ग्राम कसईबहरा में छठी कार्यक्रम की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शराब पीकर पहुंचे एक युवक के साथ हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया. तीन युवकों ने मिलकर युवक को पहले कार्यक्रम स्थल पर बेरहमी से लात-घूंसों और मुक्कों से पीटा. फिर उसे सीसी रोड पर घसीटते हुए घर के पास छोड़ दिया. गंभीर अंदरूनी चोटों की वजह से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने हत्या के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 8 जुलाई की रात करीब 12 बजे डायल-112 के जरिए ग्राम कसईबहरा में अमरसिंह पेन्द्रो की हत्या की खबर मिली. खबर मिलते ही बेलगहना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. जहां अमरसिंह अपने घर में मृत हालत में मिला. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया.
जांच में सामने आया कि 7 जुलाई की शाम अमरसिंह अपने पड़ोसी मोतीलाल पोर्ते के घर आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने गया था. इसी दौरान रोहित पोर्ते, दीपक पोर्ते और प्रदीप वाकरे ने उससे शराब पीकर कार्यक्रम में आने और माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए घर जाने को कहा. जब अमरसिंह वहां से नहीं गया तो तीनों ने एक राय होकर उस पर लात, घूंसों और मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
मारपीट इतनी बर्बर थी कि अमरसिंह के शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं. उसकी पत्नी चंद्रकली ने बीच-बचाव कर हमलावरों को रोकने की कोशिश की. लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी. इसके बाद देर रात तीनों आरोपी अमरसिंह को कार्यक्रम स्थल से करीब 60 से 65 मीटर तक सीसी रोड पर घसीटते हुए उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए.
घायल अमरसिंह किसी तरह घर पहुंचा और अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी देने के बाद सो गया. रात में जब परिवार ने उसे खाना खाने के लिए जगाने की कोशिश की तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी.
जांच के दौरान पुलिस ने शक के आधार पर रोहित पोर्ते उम्र 30 साल, दीपक पोर्ते उम्र 23 साल और प्रदीप वाकरे उम्र 21 साल सभी निवासी कसईबहरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में तीनों ने जुर्म करना कबूल कर लिया. सबूतों, गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण और प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तीनों के खिलाफ धारा 103(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर 10 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
आरोपी
रोहित पोर्ते उम्र 30 साल
दीपक पोर्ते उम्र 23 साल
प्रदीप वाकरे उम्र 21 साल

Author