NH-130C पर ट्रक से आमने-सामने टक्कर, रेंजर की मौत, 9 अधिकारी-कर्मचारी घायल, सरकारी बोलेरो के उड़े परखच्चे, वन विभाग में शोक की लहर

Spread the love

गरियाबंद : गरियाबंद जिले के मैनपुर देवभोग नेशनल हाइवे 130 सी में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. वन विभाग देवभोग की शासकीय बोलेरो और एक तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर में वन परिक्षेत्र अधिकारी देवभोग (रेंजर) अश्वनी दास मुरचुलिया की मौत हो गई. वहीं वाहन चालक सहित कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं. यह हादसा धुरवागुड़ी और बुड़गेलटप्पा के बीच हुआ.
मिली जानकारी के मुताबिक बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे. चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि वन विभाग के बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद आसपास के लोगों, प्रशासनिक अमला और सुरक्षा बल के जवानों ने राहत कार्य शुरू किया. सभी घायलों को देवभोग अस्पताल पहुंचाया गया.
जर अश्वनी दास मुरचुलिया को सबसे ज्यादा चोटें आई. जिसकी वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बाकी 8 घायलों का इलाज जारी है. हादसे में घायल कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. किसी का पैर टूट गया. किसी का हाथ गंभीर रूप से घायल हुआ है. जबकि एक घायल के दांत भी टूट गए हैं. वाहन चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं और बताया जा रहा है कि वह फिलहाल बातचीत करने की हालत में नहीं है. चिकित्सकों की टीम सभी घायलों का इलाज कर रही है.
इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा. खबर मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे के वजह की जांच शुरू की. वहीं मृतक रेंजर अश्विनी दास के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
इस घटना से वन विभाग और पूरे इलाके में शोक की लहर है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. मालूम हो कि गरियाबंद मे बीएमसी सदस्यों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम मे शामिल होने के बाद रेंजर सहित वन विभाग के कर्मचारी बोलेरो के जरिए देवभोग लौट रहे थे और यह हादसा मैनपुर विकासखण्ड के बुड़गेलटप्पा और धुरवागुड़ी के बीच में हो गया.
उल्लेखनीय है कि मैनपुर देवभोग नेशनल हाइवे मार्ग की हालत बेहद ही दयनीय है. इस नेशनल हाइवे 130 सी मे झरियाबाहरा से धुरवागुड़ी तक सड़क सकरी और सिंगल होने की वजह से आए दिन हादसों का होना आम बात हो गई है. उपर से सड़क किनारे मुरूम के जगह मिट्टी डाल दिया गया है. जिसकी वजह से दोपहिया चार पहिया वाहन पलट रहा है या फिर गड्ढे मे जा समा रहा है. बारिश के चार महिने इस मार्ग में हादसे बढ़ जाते है.

Author