नारायणपुर : नारायणपुर जिले के धौड़ाई वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. वन विभाग की टीम ने 3 आरोपियों को तेंदुए की खाल के साथ पकड़ा है. आरोपियों के कब्जे से तेंदुए की खाल के अलावा दो बाइक भी जब्त की गई हैं. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. यह मामला धौड़ाई वन परिक्षेत्र के गायतापारा सड़क किनारे का है.
गश्त के दौरान कार्रवाई
मिली जानकारी के मुताबिक 8 अगस्त को परिक्षेत्र अधिकारी और वन कर्मचारियों की टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान दो बाइक नम्बर CG 21 J 4096 और CG21 J 0920 पर सवार तीन संदिग्ध लोगों को रोका गया. तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से तेंदुए की खाल बरामद हुई.
तेंदुए की खाल की लंबाई 184 सेंटीमीटर
बरामद तेंदुए की खाल की लंबाई 184 सेंटीमीटर, सामने के पैरों के बीच की लंबाई 125 सेंटीमीटर, पिछले पैरों के बीच की लंबाई 118 सेंटीमीटर और पेट की चौड़ाई 55 सेंटीमीटर है. इस मामले में वन विभाग ने सोनूराम कचलाम, उम्र 39 साल, निवासी रोहताड़, छोटेडोंगर को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा 32 साल के पुनीत कुमार बघेल, निवासी छोटेडोंगर (डुरकाडोंगरी) और 50 साल के जमधर पोटाई, निवासी तारागांव, धौड़ाई को गिरफ्तार किया है.
खाल कहां से आई इसकी जांच जारी
तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की अलग-अलग धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया गया है. आरोपियों को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, नारायणपुर की अदालत में पेश किया गया. जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. वन विभाग अब इस मामले की आगे की जांच में जुटा है. जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तेंदुए की खाल आरोपियों के पास कहां से आई और इसे कहां ले जाया जा रहा था.











