गरियाबंद : ‘ऑपरेशन निश्चयÓ के तहत छत्तीसगढ़ के गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है. पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र और ओडिशा के रहने वाले पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से गांजा की खरीद-बिक्री में इस्तेमाल छह लाख 50 हजार रुपये नकद, एक आयशर वाहन, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक 24 अगस्त की रात देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम खुटगांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-130 सी के जांच नाके पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान ओडिशा की तरफ से नारंगी रंग का आयशर वाहन नम्बर MH06 BW 4144 आता दिखाई दिया. पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की. वाहन की छत पर काले रंग के तिरपाल से ढके संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए.
तिरपाल हटाकर जांच करने पर अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ. वाहन में सवार चालक और उसके साथी ने पूछताछ में अपना नाम संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे बताया. दोनों से पूछताछ के दौरान पता चला कि उनके आगे नीले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल नम्बर OD08 W 5814 चल रही है. जिस पर दो व्यक्ति रास्ता बताते हुए आगे जा रहे हैं.
पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल की तलाश कर उसमें सवार पंकज अनंता मोहिते और जलंधर खम्हारी को पकड़ा. वाहन की विधिवत तलाशी और जब्ती की कार्रवाई में कुल 400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. आरोपियों के पास गांजा के बारे में कोई वैध दस्तावेज नहीं था. पुलिस ने मौके से एक लाख 50 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, आयशर वाहन और मोटरसाइकिल जब्त की.
ओडिशा से गांजा उपलब्ध कराने वाला आरोपी भी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा उन्हें ओडिशा के कालाहांडी जिले के ग्राम डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त हुआ था. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए ओडिशा पहुंचकर विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से गांजा की खरीद-बिक्री में इस्तेमाल पांच लाख रुपये नकद जब्त किए गए.
इस तरह पुलिस ने गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 20(बी)(द्बद्ब)(सी) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया गया है. आरोपियों को गवाहों के समक्ष गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया.
गिरफ्तार आरोपी
1.संतोष अनंता मोहिते पिता अनंता मोहिते उम्र 49 साल निवासी तलोजा पापड़ीचापड़ा, थाना खारघर, जिला रायगढ़, महाराष्ट्र
2.सुमित सुभाष थोड़वे पिता सुभाष थोड़वे उम्र 35 साल निवासी आलंदी, थाना पुणे, जिला पुणे, महाराष्ट्र
3.पंकज अनंता मोहिते पिता अनंता मोहिते उम्र 47 साल निवासी खोपोली, थाना खालापुर, जिला रायगढ़, महाराष्ट्र
4.जलंधर खम्हारी पिता घनश्याम खम्हारी उम्र 43 साल निवासी ग्राम गहनामुड़ा, थाना कोकसर, जिला कालाहांडी, ओडिशा
5.विनोद दिसारी पिता पुरुषोत्तम दिसारी उम्र 40 साल निवासी ग्राम डेंगागुड़ा, थाना आमपानी, जिला कालाहांडी, ओडिशा
जब्त सामग्री
* 400 किलोग्राम अवैध गांजा, अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये।
* नारंगी रंग का आयशर वाहन क्रमांक एमएच 06 बीडब्ल्यू 4144, अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये।
* नीले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक ओडी 08 डब्ल्यू 5814, अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये।
* तीन टच स्क्रीन मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये।
* आरोपियों के कब्जे से एक लाख 50 हजार रुपये नकद।
* आरोपी विनोद दिसारी के कब्जे से गांजा की खरीद-बिक्री में प्रयुक्त पांच लाख रुपये नकद.
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है.

दो तस्करों को आरपीएफ ने पकडा, 7.77 लाख का अवैध गांजा जब्त
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है. ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत कार्रवाई करते हुए RPF की टास्क टीम ने निगौरा रेलवे स्टेशन पर भेष बदलकर गांजे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को धर दबोचा. उनके पास से 15.540 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है. जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7.77 लाख रुपये आंकी गई है.
कैसे हुई कार्रवाई?
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री सौरव कुमार के दिशा-निर्देशन में मंडल में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 24 अगस्त 2026 की रात करीब 1:15 बजे, सहायक उप निरीक्षक अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में RPF टास्क टीम निगौरा स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच कर रही थी. इसी दौरान भेष बदले हुए दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उनसे पूछताछ की गई. उनके पास मौजूद कपड़ों की पोटलियों की तलाशी लेने पर भारी तादाद में गांजा निकला.
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच
RPF ने दोनों आरोपियों को जब्त किए गए गांजे के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना जैतहरी के सुपुर्द कर दिया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 285/2026, धारा 8/20(ख) NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
हंसा नाथ उम्र 40 साल और मनता नाथ उर्फ लंबू (39 वर्ष), दोनों निवासी- जिला संगरूर (पंजाब)
बरामदगी: हंसा नाथ के कब्जे से 7.280 किलोग्राम और मनता नाथ के कब्जे से 8.260 किलोग्राम गांजा (कुल 15.540 किग्रा)
जब्ती मूल्य: करीब 7.77 लाख रुपये
कार्रवाई का स्थान: निगौरा रेलवे स्टेशन का सर्कुलेटिंग एरिया
वर्ष 2026 में RPF की बड़ी उपलब्धियां
बिलासपुर मंडल RPF द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2026 के दौरान अब तक कुल 550 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है. जब्त किए गए कुल नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से ज्यादा है. रेलवे परिसर और ट्रेनों में अवैध मादक पदार्थों की आवाजाही को रोकने के लिए RPF की यह सतर्कता और निरंतर निगरानी आगे भी जारी रहेगी.












