गरियाबंद पुलिस का दिल छू लेने वाला संदेश, हेलमेट को बनाया ‘रक्षा का कवच’, बहन ने भाई से लिया सुरक्षित लौटने का संकल्प, वीडियो वायरल

Spread the love

गरियाबंद : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गरियाबंद पुलिस ने भाई-बहन के अटूट प्रेम को यातायात और साइबर सुरक्षा के संदेश से जोड़ते हुए एक बेहद भावनात्मक और प्रेरणादायक जागरूकता वीडियो जारी किया है. वीडियो में बहन अपने भाई की कलाई पर राखी नहीं, बल्कि उसकी सुरक्षित जिंदगी का वादा लेती है. संदेश साफ है. भाई की रक्षा सिर्फ राखी का धागा नहीं, बल्कि हेलमेट और यातायात नियमों का पालन भी करता है.
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर यातायात सुरक्षा और साइबर अपराधों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं. इसी कड़ी में रक्षाबंधन के मौके पर गरियाबंद पुलिस की तरफ से यह विशेष लघु जागरूकता वीडियो जारी किया गया है. जिसमें पारिवारिक भावनाओं के साथ सुरक्षा के संदेश को बेहद खूबसूरत अंदाज में पेश किया गया है.
बहन ने कहा—पहले हेलमेट पहनो, फिर मुझे कॉलेज छोड़ना
वीडियो की कहानी एक भाई-बहन के रिश्ते से शुरू होती है. भाई घर से निकल रही अपनी बहन से कहता है कि “मैं तुम्हें कॉलेज छोड़ देता हूं.” लेकिन बहन भाई की बाइक पर बैठने से पहले उसे हेलमेट पहनने के लिए कहती है.
बहन अपने भाई को समझाती है कि हेलमेट सिर्फ पुलिस के डर या चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने के लिए जरूरी है. जो भाई खुद सुरक्षित रहेगा, वही अपने परिवार और बहन का ख्याल रख पाएगा. बहन की बातों में चिंता भी है और भाई के लिए बेइंतहा प्यार भी. आखिरकार भाई बहन की बात मान जाता है और हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाने का संकल्प लेता है.
वीडियो में पिता और उनके दोनों बच्चों के बीच का खूबसूरत रिश्ता भी दिखाया गया है. पारिवारिक भावनाओं और रोजमर्रा की जिंदगी के दृश्यों के बीच यातायात सुरक्षा का संदेश इस तरह पिरोया गया है कि यह दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ सोचने पर मजबूर करता है.
कलाकारों ने निभाए प्रमुख किरदार
इस विशेष जागरूकता वीडियो में सीजी मूवी, बॉलीवुड और वेब सीरीज के कलाकार अभिनेता अमन तिवारी उर्फ बॉबी ने भाई की भूमिका निभाई है. वहीं मशहूर इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर कनक लता सिंह ने बहन का किरदार निभाया है. पिता की भूमिका अभिनेता वसीम खान ने निभाई है. इस जागरूकता वीडियो का निर्देशन हेमंत तिवारी राहुल ने किया है।
कलाकारों के भावनात्मक अभिनय और प्रभावशाली कहानी के जरिए गरियाबंद पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि रक्षाबंधन का असली भाव सिर्फ भाई की कलाई पर राखी बांधना नहीं, बल्कि उसकी सुरक्षा और लंबी जिंदगी की कामना करना भी है.
राखी के साथ हेलमेट भी जरूरी
गरियाबंद पुलिस ने वीडियो के माध्यम से लोगों से अपील की है कि इस रक्षाबंधन अपने भाइयों की सुरक्षा सिर्फ राखी से नहीं, बल्कि हेलमेट और यातायात नियमों के पालन से भी करें.
पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा ट्रैफिक सिग्नल और सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.
गरियाबंद पुलिस ने रक्षाबंधन के इस विशेष जागरूकता संदेश में साइबर सुरक्षा को भी प्रमुखता से शामिल किया है. पुलिस ने नागरिकों से मजबूत पासवर्ड रखने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस का संदेश है कि जिस तरह सड़क पर थोड़ी सी सावधानी जिंदगी बचा सकती है. उसी तरह डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी सतर्कता साइबर ठगी से बचा सकती है. इस रक्षाबंधन गरियाबंद पुलिस ने एक बेहद खूबसूरत संदेश दिया है—भाई की कलाई पर राखी बांधना प्यार है. लेकिन उसकी जिंदगी की सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनाना भी उतना ही जरूरी है.
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा “रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व है. इस मौके पर गरियाबंद पुलिस का प्रयास है कि यह प्रेम केवल राखी बांधने तक सीमित न रहे. बल्कि हर भाई की सुरक्षित जिंदगी तक पहुंचे. हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और यातायात नियमों का पालन करना हमारी आदत का हिस्सा होना चाहिए. इसके साथ ही डिजिटल दुनिया में साइबर सुरक्षा को लेकर भी हर नागरिक को जागरूक और सतर्क रहना जरूरी है. एक छोटी सी सावधानी किसी परिवार को बड़ी दुर्घटना या साइबर ठगी से बचा सकती है. गरियाबंद पुलिस सभी नागरिकों से सुरक्षित यातायात और साइबर सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी बनाने की अपील करती है.”

Author