केरल के वायनाड में शुक्रवार एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, वायनाड जिले में सवारियों से भरी जीप का एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। इसमें अधिकतर महिलाएं बताई जा रही हैं। वायनाड पुलिस ने बताया कि केरल के वायनाड जिले में एक जीप का एक्सीडेंट होने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अपराह्न करीब 3:30 बजे वलाड-मननथावडी रोड पर यह दुर्घटना हुई। वाहन में कम से कम 12 लोग सवार थे। बताते चलें कि वायनाड राहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र है।
एक स्थानीय निवासी ने मीडिया को बताया, “जीप एक निजी चाय बागान में काम करने वाली महिलाओं को लेकर मक्कीमला लौट रही थी।” पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों को मननथावडी के एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनमें से आठ की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ”कम से कम दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।” मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कोझिकोड में मौजूद वन मंत्री ए के ससींद्रन को दुर्घटनास्थल पर जाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में यहां कहा कि मुख्यमंत्री ने घायलों का इलाज सहित सभी उपायों के बीच समन्वय करने और अन्य आवश्यक चीजों का ध्यान रखने का निर्देश दिया है।
सांसद राहुल गांधी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वायनाड के मननथावाडी में कई चाय बागान श्रमिकों की जान लेने वाली दुखद जीप दुर्घटना से बहुत दुखी हूं। जिला अधिकारियों से बात की है और त्वरित प्रतिक्रिया का आग्रह किया है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।










