महाराष्ट्र में भी बेमौसम बारिश का कहर जारी है। यहां फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ पशुपालकों पर भी बुरा असर पड़ा है। यहां कई जिलों में नींबू, आम और प्याज की फसल को बारिश ने काफी नुकसान पहुंचाया है। मौसम विभाग ने 1 मई से 2 मई तक विदर्भ और मराठवाड़ा के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इससे किसानों की मुसीबतें बढ़ना तय है। महाराष्ट्र की बात करें तो बेमौसम बारिश से 10 लोगों के मारे जाने की खबर है। इसके लिए अलावा 14000 किसान इससे प्रभावित हुए हैं। शुक्रवार को अधिकारियों ने ये जानकारी दी।
महाराष्ट्र के नासिक में एक किसान ने बेमौसम बारिश से हुए नुकसान से हताश होकर ट्रैक्टर से 200-300 क्विंटल प्याज को कुचल दिया और फिर उनका अंतिम संस्कार किया। सतना तालुका के डांगसौंदाने गांव निवासी किसान योगेश सोनवणे के इस कृत्य का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर कई बार पोस्ट किया।
योगेश ने कहा कि उचित एवं लाभकारी मूल्य का बात भूल जाइये, किसानों को बारिश के बाद फसल के परिवहन का खर्च भी नहीं मिल पा रहा है। इस महीने बरसात से महाराष्ट्र के कई क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि बारिश से जिले में प्याज, अंगूर, अनार, आम और सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचा है और राज्य सरकार प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए नुकसान के आकलन का सर्वेक्षण कर रही है।









