रायपुर/अभनपुर : रायपुर जिले के ग्राम बेंद्री में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में अज्ञात युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ. जिससे उसकी पहचान हो सके. यह मामला राखी थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने नहर के पास स्थित खेत में एक युवक उम्र करीब 30-35 साल का शव पड़ा देखा. जिसके बाद फौरन इसकी खबर राखी पुलिस को दी गई. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. शव के पास हत्या में इस्तेमाल किया गया एक बड़ा पत्थर भी बरामद हुआ है. जिसे पुलिस ने सबूत के तौर पर जब्त कर लिया है.
पुलिस का मानना है कि अज्ञात आरोपियों ने पहले युवक की हत्या की और बाद में शव को बोरी में भरकर नहर किनारे खेत में लाकर फेंक दिया. हालांकि हत्या किन हालात में और किस वजह से की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है.
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है.
राखी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को वहां तक कौन और किस वाहन से लेकर आया. वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत इकठ्ठा किए हैं, जिनकी जांच के बाद कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. मामले की जांच जारी है.
ग्राम बेंद्री में बोरे में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी तादाद में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. इस जघन्य हत्या की घटना के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है.
2026-07-14











