नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, पैसे मांगे तो रेप केस की धमकी, युवक ने दी जान, आरोपी मामा-मामी गिरफ्तार, रिश्तेदारी का भरोसा बना मौत की वजह

Spread the love

बिलासपुर/मस्तुरी : रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये लेने और बाद में रकम लौटाने की मांग पर युवक को कथित तौर पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देना एक परिवार को भारी पड़ गया. मस्तुरी थाना पुलिस ने खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरण के मामले में मृतक के मामा और मामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक हिरी निवासी राहुल साहू ने 9 मार्च 2026 को खुदकुशी कर ली थी. मामले में मर्ग जांच के दौरान मृतक के माता-पिता और बहन के बयान दर्ज किए गए. जांच में सामने आया कि राहुल के मामा इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी और मामी अम्बिका वैष्णव उम्र 35 साल ने रेलवे कैंटीन में नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उससे रुपये लिए थे.
जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी तो राहुल कई बार अपनी रकम वापस मांगने गया. आरोप है कि 9 मार्च को भी रुपये मांगने पहुंचने पर अम्बिका वैष्णव ने उसे धमकी दी कि अगर वह बार-बार पैसे मांगने आया तो रुपये नहीं मिलेंगे. बल्कि उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा. इस धमकी से राहुल मानसिक रूप से बेहद परेशान और डर गया. उसने घर लौटकर पूरी घटना अपने पिता को बताई थी.
मर्ग जांच में यह भी सामने आया कि अप्रैल 2025 से ही दोनों आरोपी राहुल पर लगातार मानसिक दबाव बना रहे थे. पुलिस का मानना है कि इसी प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी के डर ने राहुल को खुदकुशी जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया.
जांच में पुख्ता सबूत मिलने पर मस्तुरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 108 और 3(5) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया. पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है.
गिरफ्तार आरोपी:
इंद्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी उम्र 44 साल निवासी लिमतरा, पहरीपारा, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर
अंबिका वैष्णव उम्र 35 साल निवासी लिमतरा, पहरीपारा, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर

Author