लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भाजपा ने कमर कस ली है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी से कमान संभाल ली है। पीएम मोदी NDA के सभी 430 सांसदों से मुलाक़ात करेंगे। पीएम मोदी आज से यानि( 31 जुलाई से 10 अगस्त तक) अलग-अलग समूहों में मुलाकात करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी के साथ सीनियर नेता भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी शाम साढ़े छह बजे उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जिनमें पश्चिमी यूपी, ब्रज, कानपुर और बुंदेलखंड शामिल हैं के 42 सांसदों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और नितिन गडकरी भी मौजूद रहेंगे और संजीव बालियान के साथ बीएल वर्मा मेज़बानी करेंगे। उसी दिन शाम साढ़े सात बजे पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के सांसदों से मिलेंगे। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , भाजपा अध्यक्ष हिस्सा लेंगे, जबकि धर्मेंद्र प्रधान और शांतनु ठाकुर मेज़बानी करेंगे, इसमें 41 सासंद मौजूद रहेंगे।
2 अगस्त को शाम साढ़े छह बजे उत्तर प्रदेश के काशी, गोरखपुर और अवध की बैठक होगी, इसमें अमित शाह और राजनाथ सिंह रहेंगे। मंत्री अनुप्रिया पटेल और महेंद्र नाथ पांडे मेज़बानी करेंगे. इसमें 48 सासंद मौजूद रहेंगे। उसी दिन शाम साढ़े सात बजे तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, पुड्डुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप, लक्षद्वीप के सांसदों की बैठक होगी। इसमें जेपी नड्डा और नितिन गडकरी मौजूद रहेंगे. मंत्री प्रह्लाद जोशी और वी मुरलीधरन मेज़बानी करेंगे, इसमें 48 सासंद हिस्सा लेंगे।
3 अगस्त को पीएम मोदी शाम साढ़े छह बजे बिहार के सांसदों से मिलेंगे। इसमें राजनाथ सिंह और अमित शाह मौजूद रहेंगे। मंत्री नित्यानंद राय मेजबानी करेंगे। 27 सांसद इसमें हिस्सा लेंगे। शाम साढ़े 7 बजे दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सांसदों के साथ बैठक होगी। इस दौरान जेपी नड्डा और नितिन गडकरी भी रहेंगे। मंत्री अनुराग ठाकुर और अजय भट्ट मेज़बानी करेंगे, इसमें 36 सासंद रहेंगे।
8 अगस्त को शाम साढ़े छह बजे राजस्थान के सासंदों के साथ बैठक होगी, इसमें जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे। मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी मेज़बानी करेंगे। इसमें राज्य के 28 सासंद हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी शाम साढ़े सात बजे महाराष्ट्र, गोवा के सांसदों से मिलेंगे। अमित शाह और नितिन गडकरी इसमें मौजूद रहेंगे। मंत्री भारती पवार और कपिल पाटिल इसकी मेज़बानी करेंगे, इसमें 48 सासंद हिस्सा लेंगे।
9 अगस्त को शाम साढ़े छह बजे गुजरात, दादरा नागर हवेली, दमन और दीव के सांसदों से मिलेंगे. इसमें जे पी नड्डा और नितिन गड़करी भी मौजूद रहेंगे। मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला और दर्शना जरदोश मेज़बानी करेंगे, इसमें 35 सासंद मौजूद रहेंगे।
9 अगस्त को ही पीएम मोदी शाम साढ़े सात बजे चुनावी राज्यों मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सांसदों से मिलेंगे। इसी शाम साढ़े छह बजे सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड मिज़ोरम मेघालय त्रिपुरा के सांसदों संग बैठक होगी. इसमें जे पी नड्डा और नितिन गड़करी भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के हवाले से खबर है कि आने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र पीएम मोदी सांसदों को टिप्स देंगे।







