बिलासपुर शहरवासियों को खूंटाघाट से पेयजल सप्लाई करने 201 करोड़ की अमृत मिशन योजना सहित 250 करोड़ से अधिक के कई अहम विकासकार्यों के लोकार्पण का महीने भर से इंतजार हो रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से इन कार्यों के लोकार्पण का समय मांगा गया है।
ऐसा दो महीने में दूसरी बार हो रहा है। नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत के मुताबिक, सीएम भूपेश बघेल के 6 या 7 अगस्त को बिलासपुर के प्रस्तावित दौरे की जानकारी मिली है। लोकार्पण वाले कार्यों की सूची बनाई जा रही है। नगर निगम के सभापति शेख नजीरुद्दीन का कहना है कि दौरा कन्फर्म नहीं हो पाया है।
इधर जिला प्रशासन के उच्च पदस्थ अधिकारियों ने विभिन्न विभागों से 20 से 25 सितंबर तक पूर्ण होने और लोकार्पण के लिए प्रस्तावित कार्यों की सूची मांगी है। जाहिर है कि अमृत मिशन सहित व्यापक महत्व के सभी कार्यों के लोकार्पण के लिए इंतजार की घड़ियां अभी खत्म नहीं हो पाई हैं।
गर्मियों में पानी सप्लाई शुरू करने की योजना, कई बार डेट बदली
अपने निर्धारित डेडलाइन से करीब 17 महीने लेट चल रही अमृत मिशन योजना के अंतर्गत गर्मियों में पानी सप्लाई शुरू करने का दावा निगम प्रशासन ने कई बार किया था। पिछले महीने इसके लोकार्पण की सुगबुगाहट थी।
जानकारी के मुताबिक, योजना के अंतर्गत बिरकोना ट्रीटमेंट प्लांट की टेस्टिंग और कमीशनिंग का काम लगातार चल रहा है। अमृत मिशन योजना के नोडल अधिकारी प्रवीण शुक्ला ने बताया कि प्रथम चरण में अरपा पार की बस्ती को अशोक नगर सहित 6 पानी टंकियों से पीने के पानी की सप्लाई करने की तैयारियां की जा चुकी हैं।
इसी तरह हाल ही में भारतीय नगर चौक पर मिनीमाता की प्रतिमा स्थापना, जतिया तालाब और भारतीय नगर माधव तालाब का उन्नयन कार्य पूरा कराया जा चुका है। जनप्रतिनिधियों के निर्देश पर इनका भी लोकार्पण कराया जा सकता है।
भास्कर की पहल रंग लाई, जोरा तालाब 1.20 करोड़ से संवरेगा
‘दैनिक भास्कर’ ने पिछले महीने तालाबों पर बड़ी खबर प्रकाशित की थी। इसमें उन तालाबों का जिक्र किया गया, जिनमें प्राकृतिक जल स्रोत हैं। इसके बावजूद इनके उन्नयन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। खबर चलाए जाने के बाद सरकंडा के जोरा तालाब के उन्नयन के लिए अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 1.20 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया जा चुका है।
बता दें कि नगर निगम एरिया में 117 तालाब हैं। इनमें से मात्र 5 तालाबों के विकास के नाम पर अब तक 15 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। वर्तमान में 6 तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए 26.60 करोड़ की योजना पर कार्य चल रहा है।
तालापारा तालाब: साल भर से काम बंद, ठेकेदार को नोटिस
नगर निगम के कार्यपालन अभियंता सुरेश बरुआ ने बताया कि सबसे बड़े तालापारा तालाब के सौंदर्यीकरण और उसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने के लिए बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने गणपति इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को 15.47 करोड़ का ठेका दिया है। कंपनी को दिसंबर 2023 तक काम पूरा करना था। निर्माण में देरी को लेकर ठेकेदार को नोटिस दिया गया है।
उन्होंने बताया कि तालाब के पास ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 700 आवासों का निर्माण किया जाना है। इसके लिए 12.50 करोड़ का वर्क ऑर्डर बीएसबी, भिलाई को 3 साल पहले दिया गया था। काम नहीं करने पर ठेकेदार के बैंक गारंटी की राशि जब्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई। इसके खिलाफ हाईकोर्ट में केस चल रहा है।
एक-एक कंपनी को करोड़ों के कई काम, इसलिए देरी हो रही
बिलासपुर स्मार्ट सिटी हो या नगर निगम के अंतर्गत जितने भी प्रोजेक्ट चल रहे हैं, उनका ठेका चुनिंदा ठेकेदारों को दिया गया है। इसके चलते काम लगातार प्रभावित हो रहे हैं। सर्वाधिक करीब 200 करोड़ का काम गणपति इन्फ्रा स्ट्रक्चर लिमिटेड को दिया गया है, जिनके तालापारा तालाब सहित कोनी और मंगला में 20-20 करोड़ के रोड और नाला निर्माण का काम अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। जिन अन्य ठेकेदारों को करोड़ों रुपए के काम सौंपे गए हैं और उनके कार्य अधूरे हैं, उनमें मेसर्स श्रद्धा कंस्ट्रक्शन, अविनाश बिल्डकॉन, सुशांत राय, गजराज इंजीनियरिंग प्रमुख हैं।










