सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित किया गया है. महादेव अपने भक्तों में अनेक नामों से लोकप्रिय हैं. कोई उन्हें भोलेनाथ बुलाता है तो किसी के लिए वे शिव शंकर बन जाते हैं, परंतु क्या आपको इस बात की जानकारी है कि भगवान शिव के अनेक नामों की अलग-अलग महीमा, अलग-अलग शक्ति और अपनी विशेषता है? भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा बता रहे हैं भगवान शिव के अलग नामों की अलग महिमा के बारे में.
शिव : भोलेनाथ का शिव नाम बेहद शक्तिशाली माना जाता है. इस नाम के जाप से मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति होती है. यदि कोई मनुष्य मोक्ष की प्राप्ति चाहता है तो उसे नियमित रूप से शिव नाम का जाप करना चाहिए.
बाबा : यदि कोई व्यक्ति चाहता है कि उसके ऊपर आने वाली बड़ी से बड़ी समस्या टल जाए. तो उसे नियमित रूप से भगवान शिव के बाबा नाम का जाप करते रहना चाहिए. इस नाम में बड़ी शक्ति है. इसका जाप आपकी बड़ी विपदाओं को दूर कर सकता है.
महादेव : यदि किसी व्यक्ति की सेहत अक्सर खराब रहती है तो उसे भगवान शिव के महादेव नाम का जाप प्रतिदिन मंदिर में जल चढ़ाते समय करना चाहिए. इसके अलावा मंदिर में बैठकर 15 मिनट भगवान शिव के महादेव नाम का मन ही मन जाप करने से सेहत में सुधार हो सकता है.
विश्वंभर : इस नाम की ऐसी महिमा है कि इसके नियमित रूप से जाप करने पर यदि कोई मनुष्य बेरोजगार है तो उसे अच्छी नौकरी प्राप्त हो सकती है. इसलिए मन ही मन भगवान शिव के इस नाम का जाप लाभकारी माना जाता है.
आशुतोष : यदि पति पत्नी के बीच अक्सर अनबन बनी रहती है तो उस व्यक्ति को मन ही मन भोलेनाथ के आशुतोष नाम का जाप करते रहना चाहिए. सुबह उठने से लेकर रात में सोने तक आशुतोष नाम का जाप आपके दांपत्य जीवन में खुशियां भर देगा और आपके पार्टनर का व्यवहार आपके प्रति मधुर हो जाएगा.
रूद्र : धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यदि आपके बच्चे का व्यवहार उग्र है और उसे आप ठीक करना चाहते हैं तो दोपहर के समय भगवान शिव के रूद्र नाम का जाप कम से कम 15 मिनट करें. उसके बाद 11 बार अपने बच्चे का नाम अवश्य लें. ऐसा करने से आपके बच्चे के व्यवहार में बदलाव जरूर दिखेगा.
नटराज : धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यदि आप मान सम्मान में बढ़ोत्तरी करना चाहते हैं तो भोलेनाथ के नटराज नाम का प्रयोग अवश्य करें. प्रदोष काल में महादेव के नटराज नाम का कम से कम 108 बार जाप करने से मनुष्य को मान सम्मान और यश की प्राप्ति होती है.
महेश : मान्यता के अनुसार यदि कोई व्यक्ति अपने व्यापार में तरक्की पाना चाहता है तो नियमित रूप से भगवान शिव के महेश नाम का लगातार जाप करना चाहिए. जब भी आप अपने व्यापार स्थल के लिए निकलें मन ही मन इस नाम का जाप करते रहें, लाभ मिलेगा.










