घर का वास्तु ठीक न हो तो आपके जीवन में कई परेशानियां आ सकती हैं. वास्तु तरक्की, पैसा, सेहत और मान-सम्मान पर भी असर डालता है. इनसान की आर्थिक तरक्की रुक जाती है और वह पाई-पाई को मोहताज हो जाता है. घर के सदस्यों की सेहत खराब रहने लगती है और घर में नकारात्मकता का वास होने लगता है. इसके लिए जरूरी है कि सबसे पहले अपने घर का वास्तु ठीक करने के लिए समुचित और प्रभावकारी उपाय किए जाएं.
पटना के मशहूर वास्तु विशेषज्ञ केपी सिंह बताते हैं कि सही वास्तु इनसान की किस्मत का ताला खोल देता है. तब हर काम आसानी से बनने लगते हैं. उत्तर दिशा का वास्तु में बहुत बड़ा महत्व है. इस खबर में आप जानेंगे कि किस प्रकार घर का वास्तु ठीक करने से आपके घर पर माता लक्ष्मी और कुबेर देव की कृपा बरस सकती है. इसके लिए घर की उत्तर दिशा में कुछ खास चीजों का होना जरूरी है.
उत्तर दिशा के द्विगपाल हैं धन कुबेर
वास्तु विशेषज्ञ केपी सिंह बताते हैं कि वास्तु शास्त्र के मुताबिक, उत्तर दिशा को धन के देवता कुबेर की दिशा मानी गई है. हालांकि यक्ष कुबेर की पूजा भगवान के साथ नहीं की जाती, लेकिन इनकी मूर्ति को घर में रखा जा सकता है. कुबेर को माता लक्ष्मी के सहयोगी के रूप में पूजा जाता है. केपी सिंह की मानें तो घर के उत्तर दिशा में जल स्त्रोत होने से लाभ मिलता है. अगर घर की बोरिंग उत्तर दिशा में है तो ये धन्य-धान देने वाला और लाभकारी सिद्ध होता है.
उत्तर दिशा को ऐसे करें एक्टिवेट
वास्तु विशेषज्ञ केपी सिंह आगे बताते हैं कि घर का मुख्य दरवाजा उत्तर दिशा में होना काफी शुभ माना जाता है. ऐसा करने से घर में हमेशा सुख-समृद्धि और सकारात्मकता बनी रहती है. मां लक्ष्मी की कृपा से पैसों की कोई कमी नहीं रहती. उनकी मानें तो यदि उत्तर दिशा में बोरिंग या जल स्त्रोत नहीं है, तो जल स्रोत वाली तस्वीर या फिर गोल्डन टेंपल वाली तस्वीर भी उत्तर दिशा के दीवार पर लगाई जा सकती है. इसके अलावा उत्तर दिशा में धन के देवता कुबेर की प्रतिमा या फोटो लगाने से भी करियर में खूब तरक्की होती है.










